दुर्ग पुलिस का होली महोत्सव: वाटर कैनन से रंगों की बौछार, डीजे की धुन पर थिरके SSP-IG, कलेक्टर और पत्रकार!

दुर्ग// होली के उल्लास और रंगों के बीच दुर्ग पुलिस ने गुरुवार को भिलाई के पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6 भिलाई परिसर में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन और जिले के पत्रकारों ने मिलकर रंग-गुलाल के साथ होली महोत्सव मनाया। कार्यक्रम में संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (IG), दुर्ग कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
72 घंटे की ड्यूटी के बाद मनाई होली
होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए जिले में पुलिस की विशेष व्यवस्था की गई थी। 2 मार्च से लगातार करीब 72 घंटे तक पुलिस के जवान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुस्तैदी से ड्यूटी निभाते रहे। त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1200 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। लगातार ड्यूटी के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेक्टर-6 स्थित कंट्रोल रूम परिसर में उत्साह के साथ होली सेलिब्रेट की।
सुरक्षा व्यवस्था में नहीं होने दी कमी!
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि जवानों की कड़ी मेहनत और सतर्कता की वजह से जिले में होली का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अधिकारियों ने यह भी बताया कि सेलिब्रेशन के बावजूद जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर पूरी नजर रखी गई ताकि आम लोग भी सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
वाटर कैनन से रंगों की बौछार, डीजे पर झूमे अधिकारी
होली मिलन समारोह के दौरान माहौल पूरी तरह रंगों में सराबोर नजर आया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और मिठाइयां खिलाईं। इस बीच वाटर कैनन से पानी की रंगीन बौछार की गई, जिसने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
डीजे की धुन पर SSP, IG, कलेक्टर, पुलिस अधिकारी, जवान और पत्रकार सभी ने जमकर डांस किया और होली के रंगों में सराबोर नजर आए। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, भाईचारे और उमंग का माहौल बना रहा।
भाईचारे और समन्वय का संदेश!
इस होली मिलन समारोह ने पुलिस, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए जिले में शांति, सौहार्द और खुशहाली की कामना की।



