सुशासन तिहार का असर: पंडरिया में गांव-गांव पहुंची सरकार, समाधान शिविर में उमड़ा सैलाब..


कबीरधाम// प्रदेश में सुशासन की मजबूत नींव रखने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुशासन तिहार के तहत पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर एवं घुटुरकुण्डी में आयोजित समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
“जनसेवा ही हमारा संकल्प” – भावना बोहरा
विधायक बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव-गांव जाकर जनता की समस्याएं सुन रही है और उनका तत्काल समाधान कर रही है। सुशासन तिहार सरकार की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जहां प्रशासन सीधे आमजन से जुड़ रहा है।
योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक
शिविर में हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसिकल, लखपति दीदी योजना के तहत चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। लाभार्थियों ने योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को साझा किया।
1000 करोड़ से विकास की रफ्तार…
विधायक ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में 1000 करोड़ से अधिक के विकास कार्य जारी हैं। सड़क, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे गांव से लेकर शहर तक विकास की नई तस्वीर उभर रही है।
डबल इंजन सरकार से बदली तस्वीर…
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, किसानों को प्रोत्साहन मिल रहा है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद…
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
संदेश साफ — सरकार अब जनता के द्वार, समस्याओं का तुरंत समाधान तैयार!



