
बिलासपुर// विशेष टास्क फोर्स (STF) और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने सरकंडा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब 19 वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था और यहां कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपनी पहचान बनाए हुए था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अतीक हुसैन (42) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने वर्ष 2005 में अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने की बात स्वीकार की है।
होल्डिंग सेंटर से फरार होने के बाद तलाश !
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, करीब 20 दिन पहले आरोपी को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से पूछताछ के बाद रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया था। पुलिस का दावा है कि वहां से वह निकल गया, जिसके बाद STF और पुलिस की टीम उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरकंडा क्षेत्र की सूर्या विहार कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे संयुक्त टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
भारतीय पासपोर्ट समेत कई दस्तावेज बरामद!
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारतीय पहचान से जुड़े कई दस्तावेज बरामद करने का दावा किया है। इनमें भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा निवास एवं जाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने इन दस्तावेजों को कथित तौर पर गलत तरीके से हासिल करने की बात स्वीकार की है। मामले में दस्तावेजों की वैधता और उन्हें तैयार कराने से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
NTPC सीपत में काम करने की जानकारी!
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के NTPC सीपत में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब उसके भारत में रहने की अवधि, रोजगार, पहचान से जुड़े दस्तावेजों और स्थानीय संपर्कों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू…
पुलिस के अनुसार, आरोपी को वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने तक दोबारा रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही उसे बांग्लादेश वापस भेजने की प्रक्रिया के तहत संबंधित विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। मामले की जानकारी बांग्लादेश के संबंधित राजनयिक मिशन को भेजे जाने की भी बात कही गई है।
STF और जिला विशेष शाखा की संयुक्त कार्रवाई,
कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा STF नोडल अधिकारी एएसपी रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह तथा आरक्षक कमल साहू और अभिषेक यादव शामिल रहे।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या पहचान से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।



