12 IPS अधिकारियों के प्रमोशन की तैयारी तेज, पदस्थापना में भी फेरबदल के संकेत!
2013 और 2014 बैच के अधिकारियों को मिल सकता है प्रमोशन; DIG-SSP स्तर पर बदलाव की चर्चा, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई कमिश्नरी को लेकर भी बढ़ी हलचल!

रायपुर// छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति और पदस्थापना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय में करीब एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति और संभावित तबादलों को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि पदोन्नति प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों की सीआर समेत आवश्यक दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।
विभागीय स्तर पर चल रही तैयारियों के मुताबिक 2013 और 2014 बैच के अधिकारियों को पदोन्नति दिए जाने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम निर्णय निर्धारित प्रक्रिया और सक्षम स्तर की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
2013 बैच के चार अधिकारियों के DIG बनने की संभावना..
जानकारी के अनुसार 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला, मोहित गर्ग, भोजराम पटेल और अभिषेक पल्लव को DIG पद पर पदोन्नत किए जाने की तैयारी है। इनमें जितेंद्र शुक्ला फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
वहीं 2014 बैच के शलभ सिन्हा, भावना गुप्ता, डी. लालजी भाई पटेल और चंद्रमोहन सिंह को SSP पद पर पदोन्नति दिए जाने की संभावना है।
इसके अलावा रायपुर पुलिस में ज्वाइंट कमिश्नर के पद पर पदस्थ अमित तुकाराम कांबले को IG पद पर पदोन्नति दिए जाने को लेकर भी विभागीय स्तर पर चर्चा है।
प्रमोशन के साथ बदल सकती हैं कई अहम जिम्मेदारियां..
पदोन्नति के साथ ही राज्य में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल, खैरागढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह और सरगुजा (अंबिकापुर) एसएसपी राजेश अग्रवाल समेत कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।
बताया जा रहा है कि इनमें कुछ अधिकारी मौजूदा पद पर निर्धारित अवधि से अधिक समय पूरा कर चुके हैं। ऐसे में पदोन्नति और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर आने वाले समय में पदस्थापना में बदलाव किया जा सकता है।
कमिश्नरी सिस्टम पर भी नजर…..
इसी बीच बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था को लेकर भी चर्चा जारी है। बिलासपुर में कमिश्नरी लागू करने की घोषणा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहले कर चुके हैं। हालांकि, इसके लिए प्रशासनिक ढांचे, पदों और बजट प्रावधान समेत कई स्तरों पर प्रक्रिया पूरी की जानी है।
ऐसे में आगामी बजट और प्रशासनिक निर्णयों के साथ पुलिस विभाग में पदोन्नति, तबादले और नई जिम्मेदारियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
दिसंबर तक प्रक्रिया पूरी होने की संभावना….
विभागीय सूत्रों के मुताबिक पदोन्नति से जुड़ी औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आदेश जारी किए जा सकते हैं। दिसंबर के अंत तक पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अधिकारियों की अंतिम सूची, पदोन्नति और नई पदस्थापना संबंधी निर्णय शासन स्तर पर लिए जाएंगे।
आने वाले महीनों में होने वाले इन प्रशासनिक बदलावों पर पुलिस विभाग के साथ-साथ जिलों की कानून-व्यवस्था और कमांड स्ट्रक्चर के लिहाज से भी नजर बनी हुई है।


