छत्तीसगढ़दुर्ग ग्रामीणदुर्ग जिला

मंदिर परिसर में फंदे पर लटका मिला भाजपा नेता का शव, इलाके में सनसनी

दुर्ग// जिले के उतई थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सेलूद गांव निवासी भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50 वर्ष) का शव मंदिर परिसर में पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। सुबह ग्रामीणों ने जैसे ही यह दृश्य देखा, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिस मंदिर का कराया था निर्माण, वहीं मिली लाश…
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे और पूर्व में उपसरपंच पद पर रह चुके थे। बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर का निर्माण कराया था तथा परिसर में चंपा का पेड़ भी लगवाया था।
हैरानी की बात यह है कि उसी पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला, जिससे घटना और भी रहस्यमयी हो गई है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा, तुरंत दी पुलिस को सूचना!
सोमवार सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने पेड़ पर लटका शव देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
बीमारी के बाद लौटे थे घर, कारण अब भी अस्पष्ट…
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले तारेंद्र बंछोर की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद वे घर लौट आए थे और स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा था।
हालांकि, इस घटना के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
उतई पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इलाके में शोक और चर्चा का माहौल…
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। एक सक्रिय जनप्रतिनिधि की इस तरह हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button