अन्य जिलेकबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

पंडरिया में तीज की उमंग, 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने मनाया उत्सव!

विधायक भावना बोहरा संग दिखा मातृशक्ति का संगम, लोकगीत-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां...

पंडरिया// हरियाली, उमंग और अखंड सौभाग्य की मंगलकामना से जुड़े तीजा पर्व का उत्साह पंडरिया में देखते ही बना। पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा 10 सितंबर को श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित तीज मिलन समारोह में विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताओं-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशाल आयोजन में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज पर्व की खुशियों को साझा किया।
समारोह में तीज पर्व की पारंपरिक छटा के साथ मातृशक्ति की प्रतिभा भी देखने को मिली। महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को विधायक भावना बोहरा ने सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित सभी माताओं-बहनों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए उनका आभार जताया।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें आस्था, पारिवारिक मूल्यों, प्रेम और नारी शक्ति का सुंदर संगम देखने को मिलता है। भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना से जुड़ा यह पर्व महिलाओं को अपनी खुशियां साझा करने, एक-दूसरे से जुड़ने और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा की हजारों माताओं-बहनों ने जिस उत्साह और उमंग के साथ आयोजन में सहभागिता की, उससे यह समारोह भव्य और यादगार बन गया। उन्होंने सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंडरिया की नारी शक्ति की ऊर्जा, प्रतिभा और सहभागिता क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
महिला सशक्तिकरण पर भी दिया जोर
भावना बोहरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज केवल परंपराओं की संवाहक ही नहीं, बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खेती-किसानी से लेकर शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक कार्यों तक महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि आने वाले समय में भी महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने, उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस कार्यक्रम पर भारी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम में पंडरिया विधानसभा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की मंडल अध्यक्ष, महिला जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित विधानसभा क्षेत्र की 8 हजार से अधिक माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन के दौरान तीज के पारंपरिक रंग और महिलाओं के उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button