थनौद हायर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से लेकर नशा मुक्ति तक दिया सख्त संदेश!

दुर्ग// जिले के ग्राम थनौद स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में अंजोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का नेतृत्व दुर्ग सीएसपी एवं साइबर सेल प्रभारी संकल्प राय ने किया, जिसमें यातायात विभाग एवं महिला रक्षा टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
“ऑपरेशन विश्वास” जन मित्र योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशा मुक्ति के महत्व एवं महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 1930 (साइबर फ्रॉड) एवं 1933 (महिला सहायता) के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को सतर्क रहने, ऑनलाइन ठगी से बचने और समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जागरूकता से जुड़े कई सवाल भी पूछे।



