अन्य जिलेकबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

पंडरिया नगर के विकास को मिली नई रफ्तार, ₹1.04 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी!

विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया, पेवर ब्लॉक और बाउंड्रीवॉल समेत होंगे अधोसंरचना के कार्य!

कबीरधाम// पंडरिया नगर के विकास को गति देने के लिए नगरीय प्रशासन विभाग ने नगर पालिका परिषद पंडरिया अंतर्गत विभिन्न वार्डों में विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लिए ₹1 करोड़ 4 लाख 18 हजार की स्वीकृति प्रदान की है। विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के बाद नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से प्रस्तावित और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

स्वीकृत राशि से नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क, नाली, पुलिया, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवॉल सहित आवश्यक अधोसंरचना निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। विधायक भावना बोहरा ने स्वीकृति के लिए नगरवासियों को बधाई देते हुए, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि भाजपा सरकार में पंडरिया नगर सहित पूरी विधानसभा में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये से अधिक की इस स्वीकृति से नगर की मूलभूत सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के अनुरूप पंडरिया के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, बीते वर्षों में पंडरिया नगर में हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, 250 सीटर नालंदा परिसर लाइब्रेरी एवं ऑडिटोरियम, नगर मुख्य मार्ग, बिसेसरा नाला से हरिनाला तक सड़क, नवीन नगर पालिका भवन, नवीन व्यवहार न्यायालय भवन, व्यावसायिक परिसर, मिनी स्टेडियम तथा चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है।

हर वार्ड और गांव तक सुविधाओं के विस्तार पर जोर!

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में लगातार जनता से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं को समझना प्राथमिकता है। इसी के अनुरूप शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, न्याय व्यवस्था, नगरीय सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर को सुविधायुक्त और विकसित नगर के रूप में नई पहचान दिलाना संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति मिलने की बात भी उन्होंने कही।

भावना बोहरा ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को प्राथमिकता मिल रही है। पंडरिया विधानसभा के गांवों में भी सड़क, नाली, पुल-पुलिया, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।

सिंचाई, आवास और ग्रामीण अधोसंरचना का भी उल्लेख!

विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा में किसानों के लिए सिंचाई और पेयजल से जुड़ी ₹300 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं आकार ले रही हैं। वनांचल एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पक्की सड़कों से आवागमन सुगम होने के साथ विकास एवं आवश्यक संसाधनों की पहुंच भी सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 3,500 से अधिक प्रधानमंत्री आवास के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्की छत मिली है। इसके साथ ही स्वच्छ पेयजल और विद्युत सुविधा के विस्तार से विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया नगर और पूरी विधानसभा को विकास के पथ पर लगातार आगे ले जाने के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों के स्तर पर प्रयास जारी हैं तथा आने वाले समय में भी जनहित एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button