छत्तीसगढ़दुर्ग जिलापाटन विधानसभा
गृहमंत्री के दौरे से पहले पाटन में दहशत! युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, इलाके में मचा हड़कंप!

- दुर्ग// गृहमंत्री विजय शर्मा के पाटन क्षेत्र के सोनपुर दौरे से ठीक एक दिन पहले पाटन में युवक की मौत… सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब दुकान के सामने कथित तौर पर करीब आधे घंटे तक हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय रुपेश वर्मा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं शराब दुकान के आसपास हुई इस घटना ने पुलिस की निगरानी और कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा पाटन स्थित शराब दुकान के आहता में काम करता था। बुधवार को उसका एक युवक से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान की साइड में स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां उसके साथ करीब आधे घंटे तक मारपीट की गई। इस दौरान रुपेश के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल, हालत बिगड़ने पर मौत
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर लेकर चले गए। लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध युवक हिरासत में, अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार मारपीट के मामले में ग्राम चिचा निवासी एक युवक पर संदेह है। 112 की टीम संदिग्ध युवक को पाटन थाने लेकर पहुंची है। स्थानीय लोगों ने उसके नशे में होने की बात कही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। विवाद की असली वजह क्या थी..? क्या मारपीट में एक से अधिक लोग शामिल थे..? युवक को शराब दुकान से नर्सरी की ओर क्यों ले जाया गया..? और आखिर गंभीर चोटों के बाद उसकी मौत कैसे हुई—इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद सामने आएंगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
रुपेश की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पाटन की इस घटना ने शराब दुकान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गृहमंत्री के दौरे से ठीक पहले हुई इस घटना पर अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के नतीजों पर सबकी नजर है।



