छत्तीसगढ़दुर्ग ग्रामीणदुर्ग जिला

नशे के खिलाफ अंजोरा पुलिस की मुहिम तेज, युवाओं और बच्चों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ!

  • दुर्ग// ग्रामीण क्षेत्र में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को लेकर अंजोरा चौकी पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। चौकी प्रभारी चन्द्रशेखर सोनी के नेतृत्व में ग्राम थनौद, अंजोरा, बिरेझर, महमरा सहित आसपास के गांवों में पहुंचकर युवाओं एवं बच्चों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों, युवाओं एवं बच्चों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें नशे का सेवन नहीं करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान युवाओं एवं बच्चों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस द्वारा अभियान के दौरान साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से सावधान रहने की समझाइश दी गई। पुलिस ने किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

चौकी प्रभारी चन्द्रशेखर सोनी ने कहा कि नशे की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सकता है।

अंजोरा चौकी पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button