करोड़ों की जमीन पर साजिश! “50 लाख में बेचो” का दबाव, नहीं मानी तो केस ठोंक दिया: संगीता शाह का बड़ा आरोप

भिलाई// जमीन फर्जीवाड़ा मामले में उद्योगपति दंपति पर दर्ज अपराध ने नया मोड़ ले लिया है। सिमप्लेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने पूरे मामले को “सुनियोजित षड्यंत्र” बताते हुए गंभीर खुलासे किए हैं। उन्होंने साफ कहा—“करोड़ों की जमीन को 50 लाख में बेचने का दबाव बनाया गया, जब मना किया तो साजिश के तहत केस दर्ज करा दिया गया।”
होटल खाली कराने का एग्रीमेंट, बना जमीन हड़पने का हथियार!
संगीता शाह के अनुसार, ग्राम कोहका (पटवारी हल्का नंबर 14/19) स्थित उनकी कंपनी की जमीन एक होटल संचालक को किराए पर दी गई थी। एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा गया।
इसी बीच हुडको निवासी सुनील कुमार सोमन सामने आया और होटल खाली कराने का जिम्मा लेने की बात कही। इसके लिए 10 लाख रुपए का एग्रीमेंट किया गया।
लेकिन एक साल गुजरने के बाद भी न तो होटल खाली हुआ, न ही कोई समाधान निकला। इसके बाद रकम वापस कर दी गई।
“पुराने एग्रीमेंट का खेल, 40 लाख और दो, रजिस्ट्री करो”
शाह का आरोप है कि यहीं से साजिश शुरू हुई।
उन्होंने कहा—
“पुराने एग्रीमेंट का गलत इस्तेमाल कर मुझ पर दबाव बनाया गया कि 40 लाख और लेकर जमीन की रजिस्ट्री कर दो। यह पूरी तरह झूठ और फर्जी दावा है।”
उन्होंने दो टूक कहा—
“करोड़ों की जमीन को औने-पौने दाम में बेचने का सवाल ही नहीं उठता।”
“30 साल की साख पर हमला, कंपनी को बदनाम करने की साजिश”
संगीता शाह ने भावुक होते हुए कहा कि वे पिछले तीन दशकों से कंपनी का संचालन कर रही हैं और भिलाई-दुर्ग में उनकी साफ छवि रही है।
“आज तक ऐसा कोई आरोप नहीं लगा, लेकिन अब सुनियोजित तरीके से हमें बदनाम किया जा रहा है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा प्लान उनकी कंपनी सिमप्लेक्स कास्टिंग लिमिटेड और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए रचा गया है।
पुलिस पर भी उठाए सवाल, “सांठगांठ से केस दर्ज”
शाह ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है।
उनके मुताबिक—
“सांठगांठ कर इस तरह का केस दर्ज कराया गया, ताकि हमें दबाव में लाया जा सके।”
“सच सामने लाऊंगी, चेहरों को बेनकाब करूंगी”
संगीता शाह ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा—
जमीन करोड़ों की है, सस्ते में बेचने का सवाल ही नहीं
जमीन बिक्री का कोई एग्रीमेंट नहीं हुआ
सिर्फ होटल खाली कराने का समझौता था
पूरी रकम वापस की जा चुकी है
“मेरी छवि खराब करने वालों को जल्द बेनकाब करूंगी।”
निष्पक्ष जांच की मांग…
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों पर कार्रवाई हो सके।



