विज्ञान और तकनीक से जुड़ रहे पंडरिया के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी, ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ का विधायक बोहरा ने किया अवलोकन !

पंडरिया// पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, पंडरिया में ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के तहत आयोजित कार्यशाला का विधायक भावना बोहरा ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर विज्ञान से जुड़े उनके सवालों, जिज्ञासाओं और रुचियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, प्रयोग करने और अपने भविष्य के लक्ष्यों को लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यशालाओं में बच्चों को ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग सहित विभिन्न तकनीकों और नवाचारों की जानकारी के साथ उनके व्यावहारिक उपयोग से अवगत कराया जा रहा है।
बस के माध्यम से स्कूलों तक पहुंचेगी आधुनिक तकनीक
इस पहल के तहत बस में संचालित विज्ञान एवं तकनीकी सुविधा के माध्यम से पंडरिया विधानसभा के शासकीय स्कूलों और सरस्वती शिशु मंदिरों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीक की पहुंच बनाने की योजना है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन एवं एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, विज्ञान एवं गणित आधारित प्रायोगिक शिक्षा (STEM), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा ऑगमेंटेड एवं वर्चुअल रियलिटी (AR/VR) जैसी तकनीकों से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा।
पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच तकनीकी संसाधनों की पहुंच के अंतर को कम करना तथा सरकारी स्कूलों के बच्चों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना बताया गया है। इसके माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 5 हजार विद्यार्थियों को सीधे लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
‘सरकारी स्कूल में पढ़ने से सपने छोटे नहीं होने चाहिए’
कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में प्रतिभा और सपनों की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर मार्गदर्शन, आधुनिक शिक्षा और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे का सपना केवल इसलिए छोटा नहीं होना चाहिए कि वह सरकारी स्कूल में पढ़ता है या उसके पास आधुनिक संसाधनों की कमी है।
उन्होंने कहा कि साइंस पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रयोग, अनुभव और नवाचार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ड्रोन, रोबोटिक्स और 3डी प्रिंटिंग जैसी तकनीकों के जरिए बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
बेटियों की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं पर भी फोकस
विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में संचालित अन्य पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बेटियों के लिए 10 निःशुल्क बस सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे छात्राओं को महाविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल रही है। उनके अनुसार, इन सेवाओं से 1500 से अधिक बेटियों को लाभ मिल रहा है।
इसके अलावा ‘लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग सेंटर’ के माध्यम से युवाओं को घर और गांव के नजदीक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की बात कही गई। विधायक के अनुसार, इस पहल से जुड़े कुछ युवाओं ने सैन्य एवं पुलिस बल तथा NEET जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से शिक्षा को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। उद्देश्य पंडरिया विधानसभा के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है,



