इसरो का अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट जंगल की आग को अंतरिक्ष से देख, करेगा अलर्ट

Ind24tv.com// इसरो 15 अगस्त को सुबह 9:17 बजे अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट-8 (ईओएस-8) प्रक्षेपित करेगा। इसरो ने बुधवार को बताया, आंध्र के श्रीहरिकोटा से ईओएस-8 लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (एसएसएलवी)-डी 3 से प्रक्षेपित किया जाएगा। यह सैटेलाइट जंगल में आग जैसी आपदाओं की जानकारी देगा। इसरो ने एक बयान में कहा कि ईओएस-8 मिशन के प्राथमिक उद्देश्यों में ‘एक माइक्रोसैटेलाइट को डिजाइन और विकसित करना, माइक्रोसैटेलाइट बस (छोटे उपग्रह का मुख्य हिस्सा) के लिए सुसंगत पेलोड उपकरण बनाना और भविष्य के परिचालन उपग्रहों के लिए आवश्यक नई तकनीकों को शामिल करना शामिल है। 175.5 किलोग्राम वजनी सैटेलाइट पर्यावरण की निगरनी, आपदा प्रबंधन और तकनीकी प्रदर्शन का काम करेगा। इस अंतरिक्ष यान का मिशन जीवन एक वर्ष का है।
तीन पेलोड ले जाएगा साथ
ईओएस-8 अपने साथ तीन पेलोड ले जाएगा। ये पेलोड इलेक्ट्रो ऑप्टिकल इन्फ्रारेड पेलोड (ईओआईआर), ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम रिफ्लेक्टोमेट्री पेलोड (जीएनएसएस-आर) और सीआईसी यूवी डोजीमीटर हैं। इसमें ईओआईआर दिन और रात में मध्यम और दीर्घ वेव की इंफ्रारेड तस्वीरें लेगा। इन तस्वीरों से आपदाओं की जानकारी मिलेगी जैसे जंगल में आग, ज्वालामुखीय गतिविधियां। समुद्री सतह पर हवा का विश्लेषण किया जाएगा।