अन्य जिलेकबीरधाम (कवर्धा)छत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई में विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए, तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश!

कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, जनता की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासकीय योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु आज पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने जनपद पंचायत पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई में समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
विधायक भावना बोहरा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत सभी वार्ड पार्षदों एवं जनपद सदस्यों से एक-एक कर उनके क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मुद्दों, जनता की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति, नगर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण, तालाबों के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था, सुचारू विद्युत आपूर्ति हेतु ट्रांसफार्मर की उपलब्धता एवं रखरखाव जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। विधायक ने विभागवार सभापतियों को अपने-अपने विभागों की नियमित समीक्षा बैठक एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करना हमारा संकल्प है। विगत वर्षों में डबल इंजन भाजपा सरकार के सुशासन में पंडरिया नगर एवं जनपद पंचायत अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं। हरिनाला पुल निर्माण, अटल परिसर, सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, पंडरिया एवं पांडातराई बाईपास निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग 130-ए अंतर्गत सड़क मरम्मत कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पंडरिया में 250 सीटर नालंदा परिसर निर्माण तथा बिसेसरा से पंडरिया तक चार लेन सड़क निर्माण की बहुप्रतीक्षित सौगात दी गई है, जो प्रक्रियाधीन है। किसानों को सिंचाई हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के लिए बकेला के पास हाफ नदी में बैराज परियोजना एवं पुल-पुलिया निर्माण की स्वीकृति भी मिली है।
पांडातराई को उप तहसील का दर्जा मिलने से प्रशासनिक एवं भू-राजस्व संबंधी कार्यों में स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिली है। वहीं पांडातराई विद्युत कार्यालय को नवीन उप संभाग का दर्जा मिलने से 48 ग्रामों के हजारों उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी कार्यों के लिए अब बोड़ला नहीं जाना पड़ेगा।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद पंडरिया विधानसभा में ऐसे अनेक अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जो पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में ठप पड़े थे। आज पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री आवास योजना, सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में भी निरंतर विकास कार्यों एवं योजनाओं के प्रभाव से सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य पंडरिया विधानसभा को विकसित, सर्वसुविधायुक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।
समीक्षा बैठक में नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष सरिता सोनी, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदिनी साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष छत्रकिशोर तिवारी, सभी वार्ड पार्षद, जनपद सदस्य, तहसीलदार सहित स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग एवं अन्य विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button