दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार!

दुर्ग// नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए, झारखंड के ग्राम गुमला से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पहले आरोपी राजकेश्वर साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तकनीकी जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि झारखंड से अफीम लाकर दुर्ग क्षेत्र में सप्लाई की जा रही थी।
जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े दूसरे आरोपी सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी झारखंड के गुमला जिले के निवासी हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर तस्करी में सक्रिय थे।
15 लाख की अफीम जब्त…
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपए की अवैध अफीम, मोबाइल फोन और 8,000 रुपए नगद बरामद किए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई…
मामले में अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख), 27(क), 29 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



