अन्य जिलेकबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभारायपुर

पंडरिया की शिक्षा, पर्यटन और किसानों के मुद्दों पर विधानसभा में गरजीं:– विधायक भावना बोहरा!

ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के विकास के लिए बजट में विशेष प्रावधान की उठाई मांग….
रायपुर// जिला कबीरधाम, छत्तीसगढ़ विधानसभा में स्कूल शिक्षा विभाग के बजट पर हुई चर्चा के दौरान पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा ने अपने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, विद्यालयों के उन्नयन तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर सदन में जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण, वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बजट में विशेष प्रावधान की मांग की।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के कई ग्रामीण और वनांचल इलाकों में विद्यालय भवनों का निर्माण, हाई स्कूलों का हायर सेकेंडरी में उन्नयन, नए शाला भवनों की स्थापना तथा छात्राओं के लिए शौचालयों की मरम्मत और सुव्यवस्थित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कन्या हाई स्कूल की स्थापना और छात्राओं के लिए सुरक्षित व स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पर्यटन विकास का मुद्दा भी उठाया…
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्षेत्र में कितने पर्यटन स्थलों को चिन्हित या विकसित किया गया है तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए कितनी राशि स्वीकृत और व्यय की गई है।
इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिखित उत्तर में बताया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा पारस नगर बकेला को एक पर्यटन स्थल के रूप में चिन्हित किया गया है। हालांकि वर्ष 2024-25 और 2025-26 में इसके विकास, सौंदर्यीकरण या संरक्षण के लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई है।
विधायक बोहरा ने कुकदुर क्षेत्र के ग्राम भैंसाउदार जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी उठाई। मंत्री ने उत्तर में बताया कि फिलहाल इसे पर्यटन स्थल के रूप में चिन्हित नहीं किया गया है, लेकिन जिला प्रशासन से प्रस्ताव प्राप्त होने पर निर्धारित मापदंडों के आधार पर इसे चिन्हित किया जा सकता है।
आदिवासी युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी मांगी…
कबीरधाम जिले में आदिवासी युवाओं और परिवारों के लिए संचालित आजीविका और स्वरोजगार योजनाओं को लेकर भी विधायक भावना बोहरा ने सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।
आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि आदिवासी युवाओं के लिए आदिवासी स्वरोजगार बैंक प्रवर्तित योजना, बीएससी नर्सिंग में निःशुल्क अध्ययन, हॉस्पिटालिटी एवं होटल मैनेजमेंट प्रशिक्षण तथा निःशुल्क वाहन चालक प्रशिक्षण जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में इन योजनाओं के तहत पंडरिया विधानसभा में 14 तथा कवर्धा विधानसभा में 29, इस प्रकार कुल 43 आदिवासी युवा लाभान्वित हुए हैं।
किसान क्रेडिट कार्ड और फसल बीमा पर भी सवाल
विधायक भावना बोहरा ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कबीरधाम जिले के किसानों की स्थिति को लेकर भी सरकार से प्रश्न किए।
सरकार के लिखित उत्तर के अनुसार 31 दिसंबर 2025 की स्थिति में कबीरधाम जिले में 1,14,992 किसान किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पंजीकृत हैं। वर्ष 2024-25 में 96,662 तथा 2025-26 में 99,227 किसानों ने कृषि ऋण के लिए आवेदन कर लाभ प्राप्त किया है और वर्तमान में कोई आवेदन लंबित नहीं है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में 5,08,388 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4,99,537 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 191 आवेदन अपात्र पाए गए।
पशु टीकाकरण में भी बढ़ा कवरेज…
कबीरधाम जिले में पशुधन की सुरक्षा के लिए संचालित टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बताया गया कि जिले में वर्ष 2023-24 में 9,41,560 तथा 2024-25 में 11,43,168 पशुओं का टीकाकरण किया गया है।
भविष्य में टीकाकरण का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण दलों का गठन किया जा रहा है। साथ ही ग्राम पंचायतों के सहयोग से मुनादी, शिविरों और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से पशु रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
क्षेत्रीय विकास के लिए लगातार प्रयास
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण, वनांचल और आदिवासी इलाकों के विकास के लिए शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और कृषि से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में लगातार उठाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल कर क्षेत्र के विकास को नई गति देगी।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button