अन्य जिलेकबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

64 आदिवासी परिवारों ने की घर वापसी, पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पैर पखारकर किया स्वागत,जनजातीय गौरव सम्मेलन में 2 बाइक एम्बुलेंस का शुभारंभ, वनांचल क्षेत्रों को मिलेगी त्वरित स्वास्थ्य सुविधा…

कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी एवं वनांचल अंचलों में हो रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसुविधाओं के विस्तार से प्रेरित होकर 64 आदिवासी परिवारों के लोगों ने अपने मूल धर्म में घर वापसी की। ग्राम दमगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने परंपरागत रीति से उनके पैर पखारकर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने वनांचल एवं दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में विधायक निधि से 2 बाइक एम्बुलेंस का शुभारंभ भी किया। इन बाइक एम्बुलेंस के माध्यम से छीरपानी, कुई-कुकदुर सहित आसपास के दर्जनों दूरस्थ और दुर्गम गांवों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। आपात स्थिति में मरीजों को शीघ्र प्राथमिक उपचार और अस्पताल तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सैकड़ों परिवारों को लाभ मिलेगा।
घर वापसी से बढ़ा आत्मविश्वास, सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़ाव
विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी एवं वनवासी समाज में अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी नेऊर क्षेत्र के आसपास के गांवों से 115 तथा कुई-कुकदुर क्षेत्र से 70 आदिवासी नागरिकों ने घर वापसी की थी। लगातार हो रही इन पहलों से जनजातीय समाज में नई आशा, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का संचार हुआ है।
बाइक एम्बुलेंस से दुर्गम क्षेत्रों में मिलेगी जीवनरक्षक सुविधा
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आदिवासी समाज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं का संवाहक रहा है। प्रकृति पूजा, लोकदेवताओं की आराधना और सामुदायिक जीवनशैली हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घर वापसी किसी दबाव का परिणाम नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को पुनः स्वीकार करने का स्वैच्छिक निर्णय है।
उन्होंने कहा कि दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्रों में जहां सड़क और परिवहन की सीमित सुविधाएं हैं, वहां बाइक एम्बुलेंस अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं, गंभीर रोगियों और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे कई जीवन बचाए जा सकेंगे।
सरकार की योजनाओं से बदल रहा वनांचल का स्वरूप
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आदिवासी समाज के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत वनांचल क्षेत्रों में पक्की सड़कें, आवास, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 3000 से अधिक पीएम आवास, 100 किलोमीटर से अधिक पक्की सड़कें, बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। टैंकरों के माध्यम से भी दूरस्थ गांवों तक शुद्ध पानी पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति जल, जंगल और जमीन की रक्षा की भावना से जुड़ी है और इस अमूल्य विरासत का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आदिवासी समाज के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम को वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम मर्सकोले ने भी संबोधित किया और विधायक भावना बोहरा के प्रयासों की सराहना की। समारोह में जनपद अध्यक्ष बनंदनी साहू, विभिन्न मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, आदिवासी समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button