अन्य जिलेकबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

विधायक भावना बोहरा ने ₹16.09 करोड़ से अधिक के सड़क निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन…

कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक भावना बोहरा ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत ₹16 करोड़ 09 लाख 25 हजार की लागत से प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।
विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों और केंद्र व राज्य की डबल इंजन भाजपा सरकार के समन्वय से पंडरिया विधानसभा के गाँव-गाँव तक विकास की किरण पहुँच रही है। लंबे समय से बहुप्रतीक्षित पक्की सड़कों की माँग अब धरातल पर उतर रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को नई गति और समृद्धि मिल रही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ₹10 करोड़ 90 लाख 54 हजार की लागत से ग्राम दानीघटोली से देवदहरा तक 16.10 किलोमीटर सड़क तथा ₹2 करोड़ 71 लाख 42 हजार की लागत से नवागांव खुर्द से पैलपार तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन दोनों सड़कों पर कुल ₹13 करोड़ 61 लाख 95 हजार की लागत आएगी।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत ₹2 करोड़ 14 लाख 29 हजार की लागत से सूरजपुरा से ढोरली तक 2.50 किलोमीटर सड़क तथा मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के अंतर्गत ग्राम गौरमाटी में ₹33 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन सड़क परियोजनाओं के पूर्ण होने से दानीघटोली, गेंदपुर, रुसे, सिंघौरी, गोरखपुर, बंधी, अमलीडीह, देवदहरा सहित आसपास के गांवों तथा नवागांव खुर्द-पैलपार मार्ग से पैलपार, हरदी, रगरा, नवागांव, कोसमन्दा, गौरमाटी, वीरेंद्रनगर सहित अनेक ग्रामों को बारहमासी सड़क आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि किसी भी क्षेत्र, प्रदेश या देश का समग्र विकास गाँवों के सर्वांगीण विकास से ही संभव है। भाजपा सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक ग्राम तक सुरक्षित, सुदृढ़ और सर्व मौसम सड़क संपर्क सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण को नई ऊँचाइयाँ मिल सकें। सड़क संपर्क से किसानों को परिवहन सुविधा, ग्रामीणों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और आपदा प्रबंधन में उल्लेखनीय लाभ मिलेगा।
विगत दो वर्षों में पंडरिया विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सौंदर्यीकरण, स्वच्छता एवं अधोसंरचना विकास के अनेक कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए गए हैं और शेष कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के लिए अधिकारियों व ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि रोजगार, व्यापार और सामाजिक-आर्थिक प्रगति की नींव हैं।
बोहरा ने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा पंडरिया, पांडातराई एवं इंदौरी नगर के विकास हेतु लगभग ₹20 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है, जिससे नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों का भी संतुलित विकास सुनिश्चित हो रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, जनपद पंचायत स.लोहारा अध्यक्ष दुर्गा सिंह, रणवीरपुर मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, जनपद सदस्य रूखमणी कौशिक सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button