दुर्ग पुलिस की विशेष अभियान कार्यवाही,
शाम से मध्यरात्रि तक चला सघन चेकिंग अभियान!

दुर्ग// जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में दुर्ग पुलिस द्वारा ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
यह अभियान दिनांक 20.12.2025 की शाम से मध्यरात्रि तक छावनी, दुर्ग एवं भिलाई नगर अनुविभाग क्षेत्र में संचालित किया गया। अभियान के दौरान चौक-चौराहों, संदिग्ध स्थानों एवं अड्डेबाजी कर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग की गई। यह कार्यवाही राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई।
दुर्ग अनुविभाग में नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मैहर, भिलाई नगर अनुविभाग में नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी तथा छावनी अनुविभाग में नगर पुलिस अधीक्षक अनूप लकड़ा के नेतृत्व में 100 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम तैनात की गई।
चेकिंग के दौरान अड्डेबाजी कर शराब सेवन करने वालों एवं अवैध रूप से शराब बिक्री करने वालों के विरुद्ध विभिन्न थानों में प्रकरण दर्ज किए गए। थाना पद्मनाभपुर में 8, थाना दुर्ग, मोहन नगर एवं पुलगांव में 3-3, नेवई, जामुल एवं पुरानी भिलाई में 2-2, सुपेला, वैशाली नगर एवं अंजोरा में 2-2 तथा छावनी, खुर्सीपार, जामगांव एवं नगपुरा में 1-1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत कुल 27 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। वहीं 5 आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 150 से अधिक पौवा शराब जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपीगण :–
1// मिथलेश साहू (40 वर्ष), गंजपारा, दुर्ग
2// बादशाह खान (21 वर्ष), धमधा
3// टी. पार्वती (50 वर्ष), गौतम नगर, खुर्सीपार
4// भारत भूषण टंडन (33 वर्ष), पुरानी बस्ती, सुपेला
5// नारायण साहू (22 वर्ष), चरोदा, पुरानी भिलाई
दुर्ग पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी।



