छत्तीसगढ़दुर्ग जिला

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी विद्यालयों में एलपीजी गैस से मध्यान्ह भोजन तैयार करने के दिए निर्देश!

प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना की समीक्षा बैठक संपन्न!

दुर्ग// कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आज प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना अंतर्गत संचालन एवं मॉनिटरिंग समिति की प्रथम बैठक कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर ने विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं विद्यालयों में जाकर मध्यान्ह भोजन का परीक्षण करें, ताकि भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

कलेक्टर सिंह ने सभी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए LPG गैस के उपयोग को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य अधिकारी को सभी स्कूलों में एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को इसके लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से रखी जाए तथा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी निरीक्षण के दौरान इसकी जांच करें, ताकि एक्सपायर दवाइयां तुरंत बदली जा सकें।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि प्रत्येक विद्यालय में निकटतम अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र का संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक मेजर रिपेयर कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने, साथ ही शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था की समुचित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्राम क्षेत्रों के विद्यालयों में यदि पेयजल की व्यवस्था नहीं है तो जल जीवन मिशन के अंतर्गत कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर सिंह ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भोजन और स्वास्थ्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button