भूमि रजिस्ट्री के नाम पर ₹17 लाख की ठगी करने वाला आरोपी विजय कुमार गिरफ्तार!


राजनांदगांव// थाना सोमनी क्षेत्र में जमीन रजिस्ट्री के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी विजय कुमार ने दो व्यक्तियों से मिलकर करीब ₹16.98 लाख की धोखाधड़ी की, जिसे सोमनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला…?
ग्राम सांकरा स्थित बालाजी ड्रीम सिटी टेडेसरा में प्लॉट विक्रय के नाम पर आरोपी विजय कुमार ने प्रार्थी प्रमोद कुमरे व तारकेश्वर नाथ से संपर्क कर दो प्लॉटों का सौदा कराया।
एक प्लॉट (2256.28 वर्गफीट) ₹15,56,819/- में
दो अन्य प्लॉट ₹13,69,588/- में तय किए गए।
बयाना व अन्य खर्च के नाम पर विजय कुमार ने कुल ₹16,98,100/- की राशि प्राप्त की।
आरोपी ने रजिस्ट्री कराने का नाटक कर रजिस्ट्री ऑफिस में विक्रय पत्र और आम मुख्तयारनामा खुद के नाम से तैयार करवाया और सभी मूल दस्तावेज अपने पास रख लिए। असल में मूल भूमि स्वामी से कोई वैध रजिस्ट्री नहीं कराई गई थी।
पुलिस की कार्रवाई!
इस मामले की रिपोर्ट थाना सोमनी में दर्ज कराई गई, जिसमें आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भादवि व धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, एएसपी राहुल देव शर्मा और सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक के निर्देशन में आरोपी की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी विजय कुमार (35 वर्ष) निवासी खम्हरिया, भिलाई को स्मृति नगर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के पास से सभी मूल दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव, प्रआर डूलेश्वर साहू, आरक्षक कालीचरण देशमुख, लीला साहू, बेनु नेताम और गुलाब चंद्राकर की भूमिका रही।



