रतनपुर गांव में स्थापित हैं श्रीराम, सीता और हनुमान की ग्रेनाइट की प्रतिमाएं

छत्तीसगढ़// बिलासपुर से कटघोरा मार्ग पर रतनपुर गांव में हरियाली से भरपूर एक पहाड़ी पर राम टेकरी मंदिर स्थित है। माना जाता है कि इस मंदिर को मराठा शासकों ने बनवाया था। राम टेकरी में भगवान राम, सीता व हनुमान की खूबसूरत ग्रेनाइट मूर्तियां विराजित हैं। इसके अलावा यहां भगवान विष्णु व काल भैरव के भी दर्शन होते हैं। लिहाजा ना सिर्फ रामनवमीं बल्कि यहां पूरे साल पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। इस मंदिर की महामाया मंदिर से दूरी लगभग 3 किलोमीटर है।
मंदिर परिसर से रतनपुर शहर का मनोरम दृश्य आंखों को बड़ा सुकून देता है। भगवान श्रीराम 14 वर्ष के वनवास के समय इस अरण्य में लंबे समय तक रहे थे। बताया जाता है कि मराठा शासक बिम्बा भगवान श्रीराम के भक्त थे। इस मंदिर का निर्माण उन्हीं के शासन काल में हुआ। मंदिर में भगवान राम के समक्ष हाथ जोड़े हुए मराठा शासक बिम्बा खड़े नजर आते हैं।
रामटेकरी तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क बनी हुई हैं। इससे लोग अपने वाहन के माध्यम से पहुंचते हैं। बिलासपुर रेलवे स्टेशन यहां से लगभग 30 किलोमीटर है। यहां के लिए राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश से नियमित बस और टैक्सी उपलब्ध हैं। यहां ठहरने के लिए विश्रामगृह के अलावा कई होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउस उपलब्ध हैं।