सुशासन तिहार में गूंजा जनविश्वास – समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने किया समस्याओं का त्वरित समाधान

कबीरधाम// पंडरिया प्रदेश में सुशासन की नई मिसाल कायम करते हुए “सुशासन तिहार–2026” के अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों में सरकार की जनप्रतिबद्धता साफ झलक रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 1 मई से 30 जून तक चल रहे इस विशेष अभियान में प्रशासन सीधे जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहा है।
इसी कड़ी में आज पंडरिया नगर में आयोजित समाधान शिविर में विधायक भावना बोहरा ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए, आमजन से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं सामग्रियों का वितरण भी किया गया।
“जनता के द्वार पहुंच रहा प्रशासन” – भावना बोहरा
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार “सुशासन, सेवा और विकास” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सुशासन तिहार केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है। इसके माध्यम से प्रशासन अब सीधे लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह शिविर शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त मंच बनकर उभरा है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आई है और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
पंडरिया में विकास को मिली नई रफ्तार
विधायक बोहरा ने बताया कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं।
1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य
35 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत
1.25 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ
500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण
300 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाएं
इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
वनांचल क्षेत्रों में भी पहुंचा विकास
वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में भी विकास की गति तेज हुई है।
3500 से अधिक पक्के आवास स्वीकृत
100 किलोमीटर से अधिक सड़क निर्माण
विद्युत विहीन गांवों में बिजली की सुविधा
नल से जल योजना का विस्तार
विधायक ने कहा कि यही सुशासन की असली पहचान है, जहां विकास का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
“समाधान शिविर सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक”
भावना बोहरा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में पंडरिया विधानसभा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
शिविर में जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर नगर पालिका पंडरिया की अध्यक्ष मंजुला देवी कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, पार्षदगण, जिला एवं जनपद सदस्य, वरिष्ठजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



