छत्तीसगढ़जिला कबीरधामपंडरिया विधानसभा

बोहरा के प्रयासों से पंडरिया में विकास की तेज रफ्तार, ₹8.03 करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक स्वीकृति!

कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा में विकास को नई गति देते हुए विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ₹8 करोड़ 3 लाख 67 हजार की बड़ी स्वीकृति मिली है। यह राशि अधोसंरचना निर्माण, स्वच्छता, जल प्रबंधन और पंचायत सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर खर्च की जाएगी।
विधायक भावना बोहरा की सक्रिय पहल के चलते नगर पालिका परिषद पंडरिया, नगर पंचायत इंदौरी एवं पांडातराई सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। यह स्वीकृति राज्य शहरी अभिकरण, अधोसंरचना मद, राज्य प्रवर्तित योजना एवं खनिज साधन विभाग के माध्यम से प्रदान की गई है।
स्वच्छता और जल प्रबंधन को मिली बड़ी मजबूती
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी-2.0) के अंतर्गत नगर पंचायत पांडातराई में इंटरसेप्शन एवं डायवर्सन ड्रेन सहित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) निर्माण के लिए ₹3 करोड़ 6 लाख 88 हजार स्वीकृत किए गए हैं। यह परियोजना शहर के गंदे पानी के वैज्ञानिक प्रबंधन के साथ स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी तथा जल प्रदूषण को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।
नगरीय विकास कार्यों को मिला नया आयाम
नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत इंदौरी और पांडातराई में अधोसंरचना मद एवं राज्य प्रवर्तित योजना के तहत ₹3 करोड़ 36 लाख 79 हजार की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत—
इंदौरी में दुकानों का निर्माण,
मांगलिक भवन निर्माण,
मुक्तिधाम उन्नयन कार्य,
जैसे कार्यों से स्थानीय रोजगार, सामाजिक गतिविधियों और मूलभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सशक्त पंचायतों की दिशा में बड़ा कदम,
पंडरिया विधानसभा के 8 ग्राम पंचायतों:–
बगदई, बिरनपुरकला, नवागांवखुर्द, रेंगाबोड़, रंजीतपुर, जंगलपुर, अतरियाखुर्द एवं कुण्डा में नवीन पंचायत भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ 60 लाख की स्वीकृति मिली है। यह पहल गांवों में सुशासन, पारदर्शिता और प्रशासनिक सुविधाओं को सुदृढ़ करेगी।
नेतृत्व के प्रति जताया आभार…
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
“हर नागरिक तक विकास पहुंचाना हमारा लक्ष्य” — भावना बोहरा
विधायक बोहरा ने कहा कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार ही उनकी प्राथमिकता है। पंचायतों को सशक्त बनाकर गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और शहरों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।
समग्र विकास की ओर बढ़ता पंडरिया…
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जहां एक ओर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर सामाजिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। पंडरिया विधानसभा में तेजी से हो रहा अधोसंरचना विकास क्षेत्र की समृद्धि की मजबूत नींव रख रहा है।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button