दुर्ग में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोडीन सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार!

दुर्ग// नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दवा कंपनी के प्रतिनिधि की आड़ में प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए, मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 5 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि 23 अप्रैल को चौकी स्मृतिनगर क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी-खम्हरिया रोड पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर चौकी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध सेण्ट्रो कार (CG-07-8595) को रोका।
800 बोतल प्रतिबंधित सिरप बरामद,
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 7 कार्टून में भरी 800 बोतल प्रतिबंधित कोडीन युक्त केडीफोस-टी सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वे फर्जी ड्रग लाइसेंस बनाकर गुजरात की कंपनी से ई-कूरियर के जरिए सिरप मंगवाते थे और स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
फर्जी लाइसेंस से चल रहा था पूरा नेटवर्क
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी योगेश शर्मा ने एक असली ड्रग लाइसेंस में एडिटिंग कर अपने नाम से फर्जी लाइसेंस तैयार किया था। इसके अलावा फर्जी लेटरपैड और सील का इस्तेमाल कर पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था। आरोपी युवाओं में नशे की लत फैलाकर भारी मुनाफा कमा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी….
1// योगेश शर्मा (41 वर्ष), कादम्बरी नगर, दुर्ग
2// उमेश कुमार यादव (42 वर्ष), पदुम नगर, चरोदा
3// महावीर जैन उर्फ रोहित (38 वर्ष), पोलसाय पारा, दुर्ग
4// सतीश मेश्राम (40 वर्ष), शंकर नगर, दुर्ग
जप्त सामग्री….
800 नग नशीली सिरप (कीमत: ₹2,08,800)
एक एक्टिवा (₹30,000)
एक सेण्ट्रो कार (₹1,00,000)
4 मोबाइल फोन (₹1,60,000)
नगद ₹1,200
कानूनी कार्रवाई….
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ख), 22, 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस का संदेश….
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और ऐसे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



