अन्य जिलेछत्तीसगढ़जिला कबीरधामपंडरिया विधानसभा

पंडरिया विधानसभा में विकास की रफ्तार तेज, 57.93 करोड़ की लागत से 57 किमी सड़कों का भूमिपूजन, वनांचल क्षेत्रों को मिलेगा नया जीवन..

कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा के वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास को नई गति देते हुए प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर से वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 57.93 करोड़ रुपए की लागत से 57.415 किलोमीटर लंबाई की 27 सड़कों का भूमिपूजन किया।
यह परियोजना न केवल सड़क निर्माण तक सीमित है, बल्कि वनांचल क्षेत्रों में बसे हजारों परिवारों के जीवन स्तर को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री का संदेश: विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे वनांचल क्षेत्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का आधार है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ प्रदेश में सुशासन स्थापित करने, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में व्यापक सुधार लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक भावना बोहरा ने जताया आभार, बताया ऐतिहासिक कदम…
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि वर्षों से उपेक्षित वनांचल क्षेत्रों में अब सड़क संपर्क स्थापित होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
उनके अनुसार, “सड़कें केवल रास्ते नहीं बनातीं, बल्कि यह विकास और समृद्धि की नई दिशा तय करती हैं।”
हर गांव तक पहुंचेगा विकास का उजाला…
विधायक ने आगे बताया कि पंडरिया विधानसभा में विकास को प्राथमिकता देते हुए हर गांव तक पक्की सड़क, स्वच्छ पेयजल, बिजली, आवास और सिंचाई सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में वनांचल क्षेत्रों की तस्वीर तेजी से बदल रही है और आने वाले समय में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनसुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।
इन 27 सड़कों का हुआ भूमिपूजन…
मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख सड़कों का भूमिपूजन किया गया, उनमें शामिल हैं:
भेलकी मुख्य मार्ग से चुलटोला वाया बदनाटोला
बोहिल रोड से झुमर
अमनिया बरटोला से ढोलढोली
दमगढ़ से लुढूटोला
कांदावानी से डेंगुरजाम
बिरहुलडीह से करालू एवं लिफड़ी
जखना रोड से धोबे
पेंड्रा से पावले
छिंदीडीह से टिकराटोला
महीडबरा से नवापारा
देवानपटपर से चिखलापानी
केसमरदा रोड से गाडासरई
दमगढ़ से महुवापानी
भैंसाडबरा से भंदराटोला
बोहिल से फिफलीपानी
देवसरा रोड से पंडरीपथरा
बांगर रोड से एरुंगटोला
बांगर मेन रोड से कोटनापानी
बदना रोड से कारीधाप
दमगढ़ से चारभाठा
डालामौहा से पीपरकछार
सोमनापुर से मोतेसरा
भटरूसे से पथर्री कंझेटी
बांगर रोड से धारटोला
भेड़ागढ़ से बैगापारा
पैलपार से गोरखपुरखुर्द
क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम…
इन सड़कों के निर्माण से पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे न केवल सामाजिक बल्कि आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
पंडरिया अब तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है, जहां हर गांव को मुख्यधारा से जोड़ने का लक्ष्य प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button