अन्य जिलेकबीरधाम जिलापंडरिया विधानसभा

पंडरिया विधानसभा में 13 करोड़ से अधिक की सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से किसानों को मिली बड़ी सौगात!

कबीरधाम// पंडरिया क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और कृषि उत्पादन में वृद्धि हेतु पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा 13 करोड़ 78 लाख 74 हजार रुपये की विभिन्न सिंचाई एवं जल संरक्षण परियोजनाओं का आज ग्राम छीरपानी में भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक बोहरा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए इन परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री OP चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक बोहरा ने बताया कि पंडरिया विधानसभा का अधिकांश क्षेत्र ग्रामीण एवं कृषि प्रधान है, जहां किसानों की आय का मुख्य स्रोत खेती है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधनों के संरक्षण हेतु स्वीकृत इन योजनाओं से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख निर्माण कार्यों में शामिल हैं—

महीडबरा जलाशय शीर्ष एवं नहर जीर्णोद्धार कार्य – 5 करोड़ 88 लाख 50 हजार रुपये

ग्राम छीरपानी के पास आगर नदी पर एनीकट निर्माण –4 करोड़ 22 लाख 70 हजार रुपये

ग्राम अमनिया के कन्हैया नाला में एनीकट कम काजवे एवं उद्वहन सिंचाई योजना – 3 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपये


विधायक बोहरा ने कहा कि इन परियोजनाओं से जल संचयन क्षमता बढ़ेगी, सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा और किसानों को वर्षा पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। एनीकटों के निर्माण से भू-जल स्तर में सुधार आएगा तथा गर्मी के दिनों में भी खेतों को पानी मिलता रहेगा। मुख्य नहर की सीसी लाइनिंग से पानी की बर्बादी रुकेगी और हर खेत तक सुचारू रूप से जल पहुँचेगा, जिससे रबी–खरीफ दोनों फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में इससे पूर्व भी हाफ नदी व्यपवर्तन योजना, फिडर एवं रमतला जलाशय, क्रांति जलाशय, देवसरा जलाशय तथा सुतियापाट मध्यम सिंचाई परियोजना सहित लगभग 121 करोड़ रुपये की योजनाएँ निर्माणाधीन हैं। इन कार्यों से कृषि के साथ-साथ ग्रामीण रोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।

विधायक बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए मोदी की गारंटी को धरातल पर उतार रही है। लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास एवं अधोसंरचना परियोजनाएं पंडरिया विधानसभा की नई पहचान बनने जा रही हैं, जिससे सड़क, नाली, पुल-पुलिया, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भूमिपूजन की गई परियोजनाएं किसानों की सिंचाई क्षमता को नई गति देंगी, जल उपलब्धता सुनिश्चित करेंगी और क्षेत्र को कृषि के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेंगी।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण उपस्थित थे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button