दुर्ग में दिनदहाड़े जानलेवा हमला, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे!

दुर्ग// दुर्ग शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक सनसनीखेज मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धारदार हथियार एवं एक्टिवा वाहन जप्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 09:15 बजे, प्रार्थी संजय गुप्ता (23 वर्ष) निवासी डिपरा पारा, दुर्ग, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपी सौरभ यादव उर्फ गोगो वहां पहुंचा और प्रार्थी को जबरन अपनी एक्टिवा में बैठने के लिए कहा। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से धारदार हथियार निकालकर सीने एवं बाएं हाथ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में प्रार्थी को गंभीर चोटें आईं, जिसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस हरकत में आई और अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
तेज़ पुलिस कार्रवाई, आरोपी दबोचा गया…
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, प्रार्थी व प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के कथन लिए गए। त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसी दिन आरोपी सौरभ यादव उर्फ गोगो (20 वर्ष) निवासी डिपरा पारा, दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से प्रकरण में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार एवं एक्टिवा वाहन जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
घटनास्थल…
दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास, डिपरा पारा, दुर्ग
आरोपी का विवरण
सौरभ यादव उर्फ गोगो,
उम्र – 20 वर्ष,
निवासी – डिपरा पारा, दुर्ग
जप्त सामग्री
▪️ एक लोहे का धारदार हथियार
▪️ एक एक्टिवा वाहन
पुलिस की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी एवं पुलिस स्टाफ की सतर्कता, तत्परता और प्रभावी कार्यवाही सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। शहर की शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



