नगर निगम भिलाई की बड़ी कार्रवाई, आकाशगंगा परिसर की 9 दुकानें सील!



दुर्ग// नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा किराया बकाया एवं अनुबंध शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 16 स्थित आकाशगंगा व्यावसायिक परिसर की 9 दुकानों को सीलबंद कर दिया गया है।
नगर निगम द्वारा व्यवसाय संचालन हेतु उक्त परिसर में दुकानें आवंटित की गई थीं, जिनका मासिक किराया निर्धारित है। समय-समय पर किराए में वृद्धि की जाती रही है, किंतु संबंधित दुकानदारों द्वारा बढ़ी हुई किराया राशि निगम कोष में जमा नहीं की गई। इस संबंध में निगम द्वारा सभी दुकानदारों को नियमानुसार नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में किराया जमा करने के निर्देश दिए गए थे, परंतु नोटिस के बावजूद राशि जमा नहीं की गई।
किराया बकाया रहने के कारण दुकानों का आवंटन निरस्त किया गया तथा तत्पश्चात सीलिंग की कार्रवाई की गई। किराया लंबित रहने से देय राशि में वृद्धि भी हो चुकी है। नगर निगम द्वारा आकाशगंगा व्यावसायिक परिसर सहित निगम के अन्य परिसरों में भी किराया वसूली हेतु नोटिस जारी किए गए हैं। भविष्य में भी किराया जमा नहीं करने वाले आवंटियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
यह कार्यवाही आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर उपायुक्त डी. के. कोसरिया, जोन क्रमांक 1 के राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा, अनुरेखक उन्मेश साहू, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, प्रसन्न तिवारी, बसंत देवांगन, बेदखली सहायक प्रभारी हरिओम गुप्ता, बेदखली टीम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



