रुपयों की मांग को लेकर दो महिलाओं ने की मारपीट, मामला दर्ज…

दुर्ग// उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत रकम वापस मांगने को लेकर दो महिलाओं द्वारा एक गृहिणी के साथ गाली-गलौज व मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर उतई पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया स्वाति जाल (गृहिणी), निवासी जोरातराई मिलन चौक, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जनवरी की रात गायत्री साहू एवं निर्मला विश्वकर्मा—जो आपस में सगी बहनें हैं—उसके घर के सामने पहुंचीं और उसे बाहर बुलाया। इस दौरान गायत्री साहू ने आरोप लगाया कि स्वाति ने उसके पति अमन साहू से रुपये लिए हैं और तत्काल वापस करने की मांग की।
स्वाति द्वारा फिलहाल रुपये न होने और बाद में लौटाने की बात कहने पर दोनों महिलाओं ने उस पर अमन साहू से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और बातचीत बंद करने की चेतावनी दी। जब स्वाति ने गाली देने से मना किया तो दोनों महिलाओं ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे चोटें आईं।
घटना की शिकायत मिलने पर उतई पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।



