रायपुर में खुलेगा राज्य का पहला आयुर्वेद विश्वविद्यालय

रायपुर छत्तीसगढ़// स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को दो अलग- अलग कार्यक्रमों में दो घोषणाएं की। शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में उन्होंने राज्य का पहला आयुर्वेद विश्वविद्यालय राजधानी रायपुर में खोले जाने की घोषणा की। जबकि राजधानी के एक स्कूल के वार्षिकोत्सव में उन्होंने स्कूलों में योग और प्राणायाम के पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की घोषणा की।
दरअसल, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल रविवार को नारायण प्रसाद अवस्थी शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के एलुमनी मीट में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेद को जीवन पद्धति का अंग बताया। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि हमारे घरों का रसोईघर एक आयुर्वेदिक औषधि केंद्र है। एक जानकर व्यक्ति इनका सही प्रयोग करके निरोगी काया पा सकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद आदिकाला से है। जब लंका में लक्ष्मणजी मूर्छित हुए थे तब भी वैद्यराज सुषेण ने आयुर्वेद के जरिए उनकी जान बचाई थी, उस वक्त एलोपैथ का नामोनिशान नहीं था। लेकिन अंग्रेजो के समय से भारतीय चिकित्सा प्रणाली को हाशिए पर ला दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर आयुर्वेद और आयुष को बढ़ावा दिया, जिसके बाद आज पूरी दुनिया में आयुर्वेद को अलग पहचान मिली।