छत्तीसगढ़दुर्ग जिलादुर्ग शहर

तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ा डिवाइडर, घर में जा घुसा प्रिंटिंग मशीन सहित मकान क्षतिग्रस्त, लाखों का नुकसान!

दुर्ग// नागपुर–रायपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कादंबरी नगर के पास तेज रफ्तार ट्रक ट्रेलर ने नियंत्रण खोते हुए पहले डिवाइडर को तोड़ा और फिर सीधे एक रिहायशी मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का एक कमरा, बाउंड्री वॉल तथा घर में रखा महंगा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार कादंबरी नगर निवासी राम खिलावन साहू, जो निजी प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत हैं, 1–2 जनवरी की दरमियानी रात अपने घर में सो रहे थे। रात लगभग 1:30 बजे तेज धमाके की आवाज से उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखने पर पाया कि अशोक लीलैंड ट्रक ट्रेलर (क्रमांक एमएच 40 सीएम 6353) तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए डिवाइडर को तोड़कर उनके घर के भीतर घुस गया।
हादसे में मकान का एक कमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बाउंड्री वॉल गिर गई। घर में रखी ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन, साइकिलें और अन्य घरेलू सामान भी टूट-फूट का शिकार हो गए। प्रारंभिक आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 324 (4) एवं 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button