भिलाई में कबाड़ियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 60 टन स्क्रैप जब्त, अब दुर्ग के कबाड़ियों पर कब गिरेगी गाज…?

18 लाख का लोहे का कबाड़, तांबा और कई वाहन जब्त — 9 लोगों पर कार्रवाई, दुर्ग शहर में अवैध गोदामों और करोड़ों की संपत्ति पर उठे सवाल…?
भिलाई// दुर्ग जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप, 200 किलो तांबा और कई वाहनों को जब्त किया है। संयुक्त कार्रवाई में जामुल, सुपेला, कुम्हारी थाना और ACCU क्राइम ब्रांच की टीम शामिल रही। जब्त किए गए कबाड़ की कीमत करीब 18 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में संचालित अवैध कबाड़ व स्क्रैप कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में ACCU क्राइम ब्रांच दुर्ग तथा थाना जामुल, सुपेला और कुम्हारी की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना जामुल क्षेत्र के एक परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से लोहे का कबाड़ जमा कर उसकी कटिंग कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
दबिश के दौरान परिसर से लोहे का भारी मात्रा में स्क्रैप, पाइप, चैनल, दरवाजे, रॉड, मशीनों के कल-पुर्जे तथा लगभग 200 किलोग्राम तांबा बरामद किया गया, जो तारों को जलाकर निकाला गया प्रतीत हो रहा था। इसके अलावा गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर भी मौके से जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से स्क्रैप के संबंध में वैध खरीद-फरोख्त के दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी व्यक्ति दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद संदेहास्पद संपत्ति मानते हुए सामग्री को BNSS के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप, कई ट्रक, छोटा हाथी वाहन, तथा पुराने दोपहिया वाहनों और धातु कटिंग उपकरणों को भी जब्त किया है।
पकड़े गए आरोपी:–
1// हीरामन साहू (28), आर्य नगर कोका, सुपेला
2// राकेश मिश्रा (29), कोका रोड सुपेला
3// राधिका साहू (53), दक्षिण गंगोत्री सुपेला
4// मनोज उर्फ मन्नू गुप्ता (39), पावर हाउस रोड भिलाई
5// श्रवण कुमार देवांगन (55), कृष्ण नगर सुपेला
6// अजमत हुसैन (48), सेक्टर गुरुद्वारा के पास सुपेला
7// धीरज चंद्राकर (32), लोहार पारा सुपेला
8// सितारे उर्फ मोहम्मद इमरान (40), दक्षिण गंगोत्री सुपेला
9// समरुद्दीन (32), कैलाश नगर कुम्हारी
जब्त सामग्री…
लगभग 60 टन लोहे का स्क्रैप
लगभग 200 किलो तांबा
गैस कटर सेट और गैस सिलेंडर
ट्रक क्रमांक CG 04 LH 2242
ट्रक क्रमांक CG 04 JB 4393
ट्रक क्रमांक CG 04 ZG 5615
छोटा हाथी CG 07 CU 8086
छोटा हाथी CG 07 CJ 9056
छोटा हाथी CG 07 BJ 2613
बड़ी मात्रा में पुराने दोपहिया वाहन और धातु कटिंग उपकरण…
अब दुर्ग शहर के कबाड़ियों पर उठने लगे सवाल
भिलाई में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब दुर्ग शहर में संचालित कबाड़ियों के अवैध कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहर में कई ऐसे कबाड़ी बताए जाते हैं जो फैब्रिकेशन या रद्दी के नाम पर खुलेआम लोहे का बड़ा व्यापार कर रहे हैं।
बताया जाता है कि नगर पालिक निगम दुर्ग से कई दुकानों को अंतिम लाइसेंस तक जारी नहीं हुआ, इसके बावजूद शहर के बीचों-बीच बड़े-बड़े गोदाम बनाकर कबाड़ का कारोबार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार कुछ कबाड़ी सिर्फ तीन-चार वर्षों के भीतर ही करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक बन चुके हैं, जिससे उनके कारोबार की वैधता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी मिल चुका है चोरी का माल…?
दुर्ग पुलिस द्वारा पूर्व में भी कई बार अवैध कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और कुछ गोदामों से चोरी का सामान भी बरामद हो चुका है। इसके बावजूद शहर में अवैध कबाड़ का कारोबार पूरी तरह बंद नहीं हो सका है।
जनता की मांग:– दुर्ग में भी हो निष्पक्ष जांच
भिलाई में हुई इस कार्रवाई के बाद अब दुर्ग शहर के कबाड़ियों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि यह जांच होनी चाहिए कि लोहे के इस सफेद व्यापार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है और इसकी जड़ें कहां तक फैली हुई हैं।
अब देखना यह होगा कि दुर्ग शहर में भी अवैध कबाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है या फिर यह मामला केवल दिखावे की कार्रवाई तक ही सीमित रह जाता है।



