महिला सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध :– मंत्री गजेन्द्र यादव!


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सतनाम भवन में भव्य आयोजन, उत्कृष्ट महिलाओं का हुआ सम्मान!
दुर्ग// अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सतनाम भवन, कसारीडीह दुर्ग में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अलका बाघमार ने की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास समिति की प्रभारी शशि साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार लगातार कर रही काम!
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रदेश की सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही महिलाओं को विशेष सम्मान दिया जाता रहा है।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में भगवान के साथ माता का नाम पहले लिया जाता है, जो समाज में नारी के महत्व को दर्शाता है।
मंत्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
महतारी वंदन योजना से जिले की 52 हजार महिलाओं को लाभ!
मंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत दुर्ग जिले की लगभग 52 हजार महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 70 लाख महिलाओं के खातों में हर महीने यह राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है, जिससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कई योजनाएं
मंत्री यादव ने कहा कि बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मंत्री यादव ने बताया….
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बच्चियों के नाम से बैंक खाते खोले जाते हैं, जिसमें नियमित बचत की जाती है और 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर इसका लाभ मिलता है।
नारी दुर्गावती योजना के तहत बेटियों को जन्म के समय योजना से जोड़ा जाएगा और 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर उन्हें 1.5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों को मिला पक्का घर….
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पिछले दो वर्षों में प्रदेश में 26 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया जा चुका है, जिससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिला है।
महिलाएं समाज और परिवार की मजबूत आधारशिला
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर अलका बाघमार ने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि भारतीय समाज और संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज शिक्षा के प्रसार के साथ महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
कलेक्टर ने श्लोक उद्धृत करते हुए कहा—
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः”
अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
साथ ही महिला स्व सहायता समूहों को चेक वितरित किए गए और समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिली है।
इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे….
जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आर.के. जाम्बुलकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय साहू
जनप्रतिनिधि, पार्षद, विभागीय अधिकारी
सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



