घर के सामने बैठी महिला को कार ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती!

दुर्ग// तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम बघेरा वार्ड क्रमांक 56 में घर के सामने कुर्सी पर बैठी एक महिला को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजूलाल ठाकुर, निवासी ग्राम बघेरा वार्ड नंबर 56, ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी का काम करते हैं। 4 मार्च की शाम करीब 6 बजे उनकी सास अकलहीन ठाकुर घर के सामने कुर्सी लगाकर बैठी हुई थीं।
इसी दौरान कार क्रमांक CG-04-DD-5575 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे में अकलहीन ठाकुर के सिर, दोनों हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत शासकीय अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल कचांदूर रेफर कर दिया गया। वहां उनका उपचार जारी है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 184, 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई!



