
बलौदाबाजार// वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन कटान एवं चिरान के विरुद्ध बड़ी और सघन कार्रवाई को अंजाम दिया है। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से काटी गई सागौन लकड़ी, उसका चिरान तथा उससे निर्मित फर्नीचर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
लगातार मिल रही थीं शिकायतें, वन विभाग अलर्ट मोड में अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेली एवं सुकली से लंबे समय से अवैध लकड़ी कटान एवं तस्करी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सूचनाएं संकलित की जा रही थीं।
पुख्ता सूचना पर एक साथ दोनों गांवों में दबिश
प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने ग्राम बरेली एवं सुकली में एक साथ सघन दबिश एवं तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध सागौन चिरान एवं उससे तैयार फर्नीचर पाए गए, जिन्हें जब्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। ग्राम सुकली में भी तलाशी की कार्रवाई की गई है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई में वन अमला व ग्रामीण रहे मौजूद!
इस कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी गुलशन साहू, डब्बू साहू, मीनाक्षी साहू, सुश्री रुपेश्वरी दीवान सहित वन परिक्षेत्र के कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि अवैध लकड़ी कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
लकड़ी टाल और आरा मिलों पर कसेगा शिकंजा
वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि अब क्षेत्र की लकड़ी टालों एवं आरा मिलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अवैध सागौन या अन्य कीमती लकड़ी के भंडारण, चिरान अथवा खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



