अन्य जिलेछत्तीसगढ़जिला कबीरधामपंडरिया विधानसभा

दशरंगपुर में गूंजा ‘जय श्रीकृष्ण’, दही हांडी में लिटीपुर की टोली ने मारी बाजी!

विधायक भावना बोहरा ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत, हजारों लोगों की मौजूदगी में दिखा आस्था और युवा उत्साह का संगम..

पंडरिया// श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा के ग्राम दशरंगपुर स्थित बजरंग चौक में भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति और युवा ऊर्जा का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और गोविंदा टोलियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक भावना बोहरा ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद दही हांडी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। हांडी फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर अपनी ताकत, साहस, तालमेल और सामूहिक प्रयास का प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरा आयोजन स्थल ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ग्राम लिटीपुर की टोली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को विधायक भावना बोहरा ने ₹25 हजार एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं ग्राम मरका की टोली ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जिसे ₹15 हजार एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। ग्राम गोछिया पेंड्री की टोली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया और उसे ₹11 हजार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

‘श्रीकृष्ण के विचारों को जीवन में उतारें युवा’

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के विचारों और उनके जीवन संदेश को आत्मसात करने का अवसर है। श्रीकृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जब अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर ऐसे आयोजनों में भाग लेती है, तो इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत और मजबूत होती है। दही हांडी जैसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संगठन, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं।

विधायक बोहरा ने आयोजन में शामिल सभी टीमों, क्षेत्रवासियों और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंडरिया विधानसभा में विकास के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को भी जनभागीदारी के माध्यम से नई गति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी पहचान और मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम है। पंडरिया विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और जनसुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को बढ़ाने के प्रयास भी निरंतर जारी रहेंगे।

इस कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों की टीमें, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button