कबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

डोंगरिया में आस्था और विकास का महाकुंभ, मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों की सौगात!

विधायक भावना बोहरा की पहल पर सड़क, जलाशय और मंदिर विकास के बड़े ऐलान!
कवर्धा// पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया में रविवार को आस्था, सामाजिक एकता और विकास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजजन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ हुई, जहां मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मंदिर प्रांगण में आयोजित भव्य सभा में विकास की बड़ी घोषणाएं की गईं।
डोंगरिया को मिली विकास की ट्रिपल सौगात
विधायक भावना बोहरा की मांग पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं जलेश्वर महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपए,डोंगरिया से खरहट्टा तक 2.5 किमी सीसी रोड निर्माण,छीरपानी जलाशय की नहर का विस्तारीकरण
इन घोषणाओं से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
धार्मिक स्थलों का विकास बढ़ाएगा रोजगार…
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंदिरों के विकास से न केवल आस्था मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कुर्मी क्षत्रिय समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज मेहनत, संगठन और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आस्था और विकास साथ-साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आस्था और विकास का नया युग शुरू हुआ है। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक, अयोध्या राम मंदिर और केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनः स्थापित कर रहा है।
भावना बोहरा बोलीं— विकास की नई दिशा तय करेगी सौगात….
विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि डोंगरिया को मिली ये सौगातें क्षेत्र के विकास की दिशा बदल देंगी और वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करेंगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है।
कुर्मी समाज की भूमिका प्रेरणादायी….
विधायक बोहरा ने कहा कि कुर्मी समाज का योगदान कृषि, ग्राम विकास और सामाजिक समरसता में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, सरदार वल्लभभाई पटेल और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महापुरुषों का स्मरण करते हुए समाज को प्रेरणास्रोत बताया।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान….
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता पर समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी गई।
प्रमुख अतिथि….
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक धर्मजीत सिंह, कुर्मी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
हजारों की भीड़, उत्साह चरम पर…
कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ और उत्साह ने इसे क्षेत्र का ऐतिहासिक आयोजन बना दिया। लोगों ने मुख्यमंत्री और विधायक का जोरदार स्वागत कर विकास के प्रति अपना विश्वास जताया।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button