पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा कबीर आश्रम दामाखेड़ा को एम्बुलेंस समर्पित,





नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब ने किया शुभारंभ…
लोलेसरा स्थित पंथ श्री 108 हुजूर उग्रनाम साहेब स्मृति संत समागम मेला के अवसर पर संत शिरोमणि कबीर साहेब की तपोभूमि, कबीर आश्रम दामाखेड़ा में पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा जनसेवा को समर्पित एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। आश्रम द्वारा संचालित पंथ श्री गृन्धमुनि नाम साहेब मेमोरियल हॉस्पिटल, दामाखेड़ा में आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु समर्पित इस एम्बुलेंस को नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने आश्रम प्रमुख परम पूज्य पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनी नाम साहेब जी एवं नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब से सौजन्य भेंट कर सामाजिक विषयों पर चर्चा की। नवोदित वंशाचार्य पंथ श्री उदितमुनि नाम साहेब जी ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि मानव सेवा, करुणा और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विधायक भावना बोहरा का यह प्रयास एक सच्चे जनप्रतिनिधि की सेवा भावना को दर्शाता है।
आश्रम प्रमुख परम पूज्य पंथ श्री हुजूर प्रकाशमुनी नाम साहेब जी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यह एम्बुलेंस क्षेत्र के जरूरतमंदों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल भी उपस्थित रहे।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि संत कबीर साहेब जी ने मानवता, समानता और सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया है। उन्हीं मूल्यों से प्रेरित होकर यह एम्बुलेंस जनसेवा हेतु समर्पित की गई है, जो आश्रम परिसर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना अनेक जीवनों को बचा सकता है और यह एम्बुलेंस जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि दामाखेड़ा आश्रम द्वारा संचालित पंथ श्री गृन्धमुनि नाम साहेब मेमोरियल हॉस्पिटल निरंतर जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। आश्रम के मार्गदर्शन और संत समाज के आशीर्वाद से उन्हें समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती रहती है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनप्रतिनिधि होना केवल दायित्व नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। दामाखेड़ा कबीर आश्रम छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर स्थित एक ऐसा केंद्र है, जो सदियों से सत्य, प्रेम, समानता और मानवता के संदेश का प्रचार-प्रसार करता आ रहा है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन, संत समाज और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।



