महाशिवरात्रि पर विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में आस्था, संस्कृति और जनकल्याण का भव्य संगम!



कबीरधाम// पंडरिया महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पंडरिया विधानसभा अंतर्गत वनांचल ग्राम कामठी में आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत एवं दिव्य संगम देखने को मिला। पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में 700 से अधिक विवाहित जोड़ों एवं हजारों श्रद्धालुओं ने 151 पार्थिव शिवलिंगों में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक कर हर-हर महादेव के जयघोष से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में पंडरिया विधानसभा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विशेष रूप से ग्राम नेऊर एवं दमगढ़ के वे आदिवासी परिवार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में घर वापसी की थी। आयोजन ने सामाजिक समरसता, धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश दिया।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक भावना बोहरा ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक अनुराग शर्मा द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय भजनों ने वातावरण को शिवमय बना दिया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। सैकड़ों श्रद्धालुओं द्वारा एक साथ रुद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ एवं पंडरिया विधानसभा की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई। पंडरिया विधानसभा सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपराओं के लिए जानी जाती है और यहां के जन-जीवन में सनातन मूल्यों की गहरी आस्था है।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि हम अपनी संस्कृति और आस्था की इस अमूल्य धरोहर को सहेजें और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण रहा, बल्कि क्षेत्र के विकास, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को भी मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई, जिससे यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान न रहकर जनहित और प्रगति का संकल्प बन गया। भगवान शिव सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं और 151 शिवलिंगों में सामूहिक रुद्राभिषेक का यह आयोजन पंडरिया विधानसभा की सुख-समृद्धि, शांति और विकास के लिए समर्पित रहा।
अंत में विधायक भावना बोहरा ने इस पुण्य आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं एवं पंडरिया विधानसभा की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक चेतना और क्षेत्र की प्रगति के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।



