


बालोद// गुंडरदेही तहसील के अंतर्गत ग्राम मुंडरा में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग ने संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए चल रहे ईंट भट्ठों को चिन्हित कर त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में दो अवैध ईंट भट्ठे चिन्हित मौके की जांच में कुल दो अवैध ईंट भट्ठे पाए गए, जो बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे थे। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि इन भट्ठों में अवैध बिजली कनेक्शन के जरिए संचालन किया जा रहा था।
अवैध बिजली कनेक्शन जब्त…
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाया गया। इसके पश्चात नियमों के विरुद्ध संचालित अवैध बिजली कनेक्शनों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
अवैध मिट्टी खुदाई और आपूर्ति का खुलासा
कार्रवाई के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर यह सामने आया कि मुंडरा निवासी रवि कुर्रे द्वारा अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से ईंट भट्ठों में आपूर्ति की जा रही थी। यह गतिविधि खनन नियमों का सीधा उल्लंघन पाई गई।
ईंट भट्ठों में अवैध मुर्गी खाद का उपयोग
जांच में यह भी पुष्टि हुई कि ईंट निर्माण में अवैध मुर्गी खाद का उपयोग किया जा रहा था, जो पर्यावरण एवं स्वास्थ्य मानकों के विपरीत है।
प्रशासन का सख्त संदेश…
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसे मामलों में सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।



