खौफनाक हत्याकांड में 11वां आरोपी गिरफ्तार, पहले ही 10 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल जानिए पूरा मामला…?

दुर्ग// थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में हुए बहुचर्चित शीतला नगर, संतोष आचारी हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे 11वें आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इस जघन्य हत्याकांड में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी धनराज सेन उर्फ धन्नू सेन (28 वर्ष), निवासी ढीमर पारा, दुर्ग को शिवनाथ नदी के किनारे स्थित शिव मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रार्थिया वी. रानी सोनी, पति स्वर्गीय संतोष आचारी ने पुलिस को बताया था कि उसके पति का दादू सोनी से रुपये के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। संतोष आचारी द्वारा दिए गए रुपये वापस नहीं किए जाने को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हो चुका था।
7 नवंबर 2025 की रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दादू सोनी का बेटा अपने साथियों के साथ झगड़े में शामिल हो गया। इसी रंजिश के चलते आधी रात को एक दर्जन से अधिक नशे में धुत युवक संतोष आचारी के घर पहुंचे, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
आरोपी संतोष आचारी को घर से घसीटते हुए सराफा लाइन की एक गली में ले गए, जहां ईंट और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी चैत्रराम उर्फ दादू सन्नी सहित तरुण सोनी, मनीष सोनी, शिव सोनी, अनिल कुमार यादव, हीरा सोनी, अमन उर्फ टिकेंद्र तिवारी, राहुल ढीमर, घनश्याम ढीमर और योगेश ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब 11वें आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले की विवेचना आगे भी जारी है।



