कबीरधाम जिलाछत्तीसगढ़पंडरिया विधानसभा

3.67 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन, पंडरिया विधानसभा को मिली बड़ी सौगात:– विधायक भावना बोहरा..

विधायक भावना बोहरा बोलीं:– जन-विश्वास से जन-जन का विकास हमारा संकल्प….


कबीरधाम// पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति लगातार तेज हो रही है। विधायक भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों से क्षेत्र को एक के बाद एक विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्यों की सौगात मिल रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्राम पंचायत देवसरा में कुल 3 करोड़ 67 लाख 95 हजार रुपए की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में 2 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 100 सीटर कन्या छात्रावास भवन तथा 92 लाख 95 हजार रुपए की लागत से ग्राम मैनपुरा और देवपुरा को जोड़ने वाले मैनपुरा हरिनाला पुल निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार में पंडरिया विधानसभा निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। जन-विश्वास के साथ जन-जन के विकास का संकल्प लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और अधोसंरचना के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
बोहरा ने कहा कि कन्या छात्रावास के निर्माण से क्षेत्र की बेटियों को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधा मिलेगी। इससे दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों की छात्राओं को शिक्षा जारी रखने में सहूलियत होगी, स्कूल छोड़ने की दर कम होगी और बेटियां आत्मनिर्भर बन सकेंगी। यह भवन बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।
विधायक बोहरा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पंडरिया विधानसभा उपेक्षित रही, विकास कार्य ठप थे और कानून व्यवस्था चरमराई हुई थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में आज पंडरिया का सर्वांगीण विकास हो रहा है। बारिश के मौसम में हरिनाला पुल के अभाव में आवागमन बाधित होता था, लेकिन अब पुल निर्माण से क्षेत्रवासियों को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंडरिया विधानसभा में 400 करोड़ रुपए से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। हाल ही में अनुपूरक बजट 2025-26 में राष्ट्रीय राजमार्ग 130-ए के फोरलेन और चौड़ीकरण के लिए 13 करोड़ रुपए, कुई-कुकदुर में नवीन शासकीय महाविद्यालय, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 55 करोड़ रुपए से अधिक की 27 सड़कों, एनीकट और जलाशय निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली है।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि पंडरिया विधानसभा की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सेवा का अवसर दिया है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाए। उन्होंने कहा कि समृद्ध पंडरिया के निर्माण के लिए एक स्पष्ट रोडमैप के साथ कार्य किया जा रहा है, ताकि वनांचल, दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक भी विकास और मूलभूत सुविधाएं समान रूप से पहुंच सकें।

Dhanendra Namdev

Editor, IND24tv.com

Related Articles

Back to top button