सेवा,सुशासन और संकल्प के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस सेवा दिवस के रूप में मनाया गया : जितेन्द्र वर्मा

दुर्ग// भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री, विश्व राजनीति के पथप्रदर्शक एवं करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस देशभर में “सेवा दिवस” के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, उपलब्धियों और योजनाओं पर अपने विचार साझा किए।
जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि साधारण कार्यकर्ता से विश्वनेता तक का सफर प्रधानमंत्री मोदी के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अथक परिश्रम का परिणाम है। राष्ट्र निर्माण के लिए जीवन समर्पित कर उन्होंने भारत को विश्व मानचित्र पर नई पहचान दिलाई। गुजरात मॉडल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों तक, मोदी ने साबित किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखकर असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में परिवर्तन किया है। डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियान देश को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बना रहे हैं।
जितेन्द्र वर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने न केवल आंतरिक चुनौतियों का समाधान किया बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। चंद्रयान-3 और आदित्य L1 मिशन से लेकर G20 अध्यक्षता तक, भारत ने नई ऊँचाइयों को छुआ है। धारा 370 हटाकर एक देश-एक संविधान का सपना पूरा किया गया और राम मंदिर निर्माण से करोड़ों आस्थाओं को सम्मान मिला।
अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर मोदी जी की प्रभावशाली मौजूदगी ने भारत को गौरवान्वित किया है। उन्होंने राजनीति को सेवा और राष्ट्रनिर्माण का माध्यम बनाया है, जो हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है!



