
संशोधित मॉडल उत्तर जारी, छह साल में प्रारंभिक परीक्षा से 52 सवाल विलोपित
रायपुर छत्तीसगढ़// राज्य सेवा 2023 की प्रारंभिक परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन 93 प्रश्नों के आधार पर होगा। मॉडल उत्तर पर आई आपत्ति के बाद पीएससी ने सामान्य अध्ययन के पेपर से 7 प्रश्नों को विलोपित कर दिया है। हालांकि, इस पेपर का पूर्णांक अब भी 200 नंबर ही है। इसके अलावा संशोधित मॉडल उत्तर में 9 प्रश्नों के जवाब भी संशोधित किए गए हैं। पीएससी से संशोधित मॉडल उत्तर जारी होने के बाद संभावना है कि इस महीने ही प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे। पीएससी प्रीलिम्स 11 फरवरी को आयोजित की गई थी। 16 फरवरी को इसके मॉडल उत्तर जारी किए गए थे। इस पर 27 फरवरी तक आपत्ति मंगाई थी। अभ्यर्थियों से मिली आपत्ति के निराकरण के बाद सोमवार 11 मार्च को पीएससी की ओर से संशोधित मॉडल उत्तर जारी किए गए हैं। इसके अनुसार 7 प्रश्नों को हटाया गया है। इससे पहले, पिछले पांच वर्षों में मॉडल उत्तर पर आपत्ति के बाद प्रीलिम्स से 45 सवाल हटाये गए थे। इस तरह से छह साल में 52 प्रश्न हटाये गए हैं।
सामान्य अध्ययन के अंकों से तय होगा मेंस
पीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में दो पेपर होते हैं। पेपर-1 सामान्य अध्ययन और पेपर- 2 योग्यता परीक्षा। सामान्य अध्ययन का पेपर 200 नंबर का पेपर होता है। इसमें 2 अंकों के 100 प्रश्न पूछे जाते हैं। पेपर 2- योग्यता परीक्षा भी 200 नंबर का होता है। इसमें भी 2 अंकों के 100 प्रश्न पूछे जाते हैं। इसका क्वालिफाइंग मार्क्स 33 व 23 प्रतिशत है। इस पेपर में क्वालिफाई होना जरूरी है। जबकि प्रश्नपत्र-1 सामान्य अध्ययन के आधार पर मेरिट का निर्धारण होता है। इससे ही मेंस के लिए चयन होता है। सामान्य अध्ययन के पेपर से ही 7 प्रश्न विलोपित हुए हैं। सामान्य अध्ययन के प्रश्न पत्र में 7 प्रश्नो को विलोपित करना गंभीर होकर तैयारी करने वाले छात्रों की मेहनत का अनादर है। अच्छी बात यह है की व्यवस्था सुधार कर संशोधित मॉडल उत्तर जारी किये गये हैं। इससे अभ्यर्थियों को अपना मूल्यांकन करने का अवसर मिलेगा और व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी होगी, लेकिन प्रश्नों के चयन में पर्याप्त सावधानी बरती जानी चाहिए ताकि इसे विलोपित करने की संभावना ही नहीं बनें।
बस्तर के विवाह की लकड़ी समेत यह प्रश्न विलोपित हुए
• शैवाल प्रस्फुटन।
• जनऊला से संबंधित।
• क्षेत्रफल की दृष्टि से
• छत्तीसगढ़ का सबसे छोटा जिला, कौन-सा है ?
• अनुसूचित जनजातियों की संख्या 25% से अधिक है?
• बस्तर की लोकसंस्कृति में ‘विवाह- मांडो’ (मण्डप) पर ‘मोगरहन खाम’ गाड़ने के लिए निम्नलिखित में से किस लकड़ी का प्रयोग किया जाता है ?
• छत्तीसगढ़ के जिला निर्माण का आरोही-क्रम।
• केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक के रूप में नियुक्त होने वाली पहली महिला अधिकारी कौन हैं ?