अपराधों पर लगाम लगाने दुर्ग पुलिस ने लॉन्च किया साइबर प्रहरी, त्रिनयन और सशक्त ऐप

अपराध रोकने दुर्ग पुलिस ने लॉन्च किए 3 एप, स्मार्ट पुलिसिंग की ओर हाईटेक कदम
दुर्ग छत्तीसगढ़// पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज के निर्देशन में दुर्ग पुलिस ने ‘साइबर प्रहरी’ जागरूकता अभियान की शुरुआत की। कंट्रोल रूम भिलाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामगोपाल गर्ग ने साइबर प्रहरी, त्रिनयन और सशक्त 3 नए एप को लॉन्च किया।
एसएसपी ने बताया कि साइबर प्रहरी जागरूकता अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने जिले के सभी थानों में डिजिटल बीट पुलिसिंग के तहत स्मार्ट वर्क के साथ काम करेगी। इसके लिए बीट सिस्टम वाइज व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें अभी तक 45 हजार से अधिक लोगों को जोड़कर प्रतिदिन फोटो, वीडियो और पोस्ट के माध्यम से साइबर क्राइम के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
दुर्ग पुलिस अभी पायलट प्रोजेक्ट के तहत काम कर रही है। इसके तहत दुर्ग पुलिस लोगों को साइबर अपराध से बचाने के लिए ‘साइबर प्रहरी’ के नाम से पूरे जिले में अभियान चला रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है।
क्या है त्रिनयन एप?
एएसपी सिटी अभिषेक झा ने बताया कि त्रिनयन एप दुर्ग जिले के लिए विकसित सीसीटीवी कैमरे का डेटाबेस है। ये तेजी से अपराध को सुलझाने में पुलिस की मदद करेगा। यह घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की भौगोलिक जानकारी पुलिस को देगा, इससे वो अपराधियों तक जल्द पहुंच पाएगी। अब तक इस एप्लीकेशन में जिले के 626 सीसीटीवी कैमरों को जोड़ा जा चुका है। यह एप्लीकेशन दुर्ग पुलिस के लिए गूगल के प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
क्या है सशक्त एप?
एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि सशक्त एप के जरिए पुलिसिंग काफी तेज हो जाएगी। इस एप में कानून की सभी धाराओं से लेकर चोरी किए गए वाहनों का रिकॉर्ड और विभागीय परिपत्र दर्ज किए जा रहे हैं। इससे उन्हें हर तरह के रिकॉर्ड एक ही क्लिक में मिल पाएंगे।

